नहीं रहे सब के प्यारे नेताजी और सपा के मुखिया मुलायमसिंहजी
नहीं रहे सब के प्यारे नेताजी और सपा के मुखिया मुलायमसिंहजी
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का 82 वर्ष की उम्र में सोमवार को निधन हो गया. यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में आखिरी सांस ली. सपा के आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में सपा अध्यक्ष और मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव ने कहा, ‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे.’
यादव का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए सैफई ले जाया गया, जहां कल तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अनेक नेताओं ने यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।. उत्तर प्रदेश सरकार ने यादव के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है.
इससे पहले मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का इसी साल जुलाई में निधन हो गया था. फेफड़ों में संक्रमण के चलते उनका गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हुआ था. उनकी पहली पत्नी मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था. मालती देवी अखिलेश यादव की मां थीं. मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवम्बर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में मूर्ति देवी व सुघर सिंह यादव के किसान परिवार में हुआ. वह अपने पांच भाई-बहनों में रतनसिंह यादव से छोटे व अभयराम सिंह यादव, शिवपाल सिंह यादव, राजपाल सिंह और कमला देवी से बड़े थे. प्रोफेसर रामगोपाल यादव इनके चचेरे भाई हैं.




