इन नये नियमों के साथ आज से शुरू हो रहा है कौन बनेगा करोड़पति 14, पहले एपिसोड में मचेगा डबल धमाल
छोटे परदे के सबसे पसंदीदा और चर्चित रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ 14 वें सीजन के साथ वापस लौट रहा है. इस बार भी शो को बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन ही होस्ट करेंगे. इतिहास में सबसे लंबे समय से चलने वाले इस क्विज शो का आगाज 7 अगस्त से होने वाला है. लंबे समय से बेताब दर्शक आज से टीवी पर अपने फेवरेट होस्ट अमिताभ बच्चन को देख सकेंगे. साथ ही उनके मुंह से देवियों और सज्जनों सुन सकेंगे. शो का प्रसारण सोनी टीवी पर किया जाएगा. ऑनलाइन दर्शक इसे सोनी लाइव पर भी देख सकते हैं.
इस बार भी बिग बी कौन बनेगा करोड़पति में जबरदस्त होस्टिंग से दर्शकों का दिल जीतेंगे. शो के प्रोमो में इसके और ज्यादा रोमांचक होने की झलक मिली है. नये नियमों और कुछ खास बदलाव के साथ लौट रहे केबीसी में इस बार डबल-धमाल होने वाला है. शो के पहले एपिसोड में हॉट सीट पर कंटेस्टेंट्स के अलावा आमिर खान बैठे होंगे. सोनी टीवी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कौन बनेगा करोड़पति का नया सीजन रविवार 7 अगस्त रात 9 बजे से शुरू टेलीकास्ट होने वाला है. साथ ही सोनी टीवी 75वें आजादी का अमृत महोत्सव को भी सेलेब्रेट कर रहा है. इसलिए केबीसी का ग्रैंड प्रीमियर होने वाला है जिसमें कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी. केबीसी 14 के नए प्रोमो में भी अमिताभ बच्चन अमृत महोत्सव का जिक्र करते नजर आ रहे हैं.
शो के पहले एपिसोड में आमिर खान समेत कई बड़े दिग्गज सेलिब्रिटीज नजर आएंगे. इसमें कारगिल वॉर के जांबाज सिपाही डीपी सिंह, कर्नल मिताली मधुमिता, मशहूर बॉक्सर मैरी कॉम, फुटबॉल खिलाड़ी सुनील छेत्री का नाम शामिल है.




