राष्ट्रीय

फेस्टिव सेल में मोबाइल फोन की हुई सबसे अधिक बिक्री, फ्लिपकार्ट ग्रुप सब से आगे..!

फेस्टिव सेल में मोबाइल फोन की हुई सबसे अधिक बिक्री, फ्लिपकार्ट ग्रुप सब से आगे..!

नई दिल्ली. हाल ही में समाप्त ऑनलाइन फेस्टिव ‘सेल’ के दौरान ई-कॉमर्स कंपनियों की बिक्री 27 फीसदी बढ़कर 40,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. रेडसीर स्ट्रैटजी कंसल्टिंग (Redseer Strategy Consulting) की तरफ से जारी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लिपकार्ट ग्रुप ने ऑनलाइन सेल मार्केट में अपनी टॉप स्थिति को बरकरार रखा है जबकि मीशो ऑनलाइन ऑर्डर के मामले में दूसरे स्थान पर रही है. रिपोर्ट कहती है कि अक्टूबर के अंतिम हफ्ते में खत्म हुई पहली फेस्टिव सेल में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की बिक्री में सालाना आधार पर 27 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस दौरान इन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स ने 5.7 अरब डॉलर यानी 40,000 करोड़ रुपये मूल्य के प्रोडक्ट्स की बिक्री की.

ऑनलाइन फेस्टिव सेल में सबसे अधिक बिक्री मोबाइल फोन की हुई है. रेडसीर स्ट्रैटजी कंसल्टेंट्स के को-पार्टनर संजय कोठारी ने कहा, ‘‘एक सेल्स सेगमेंट के रूप में मोबाइल फोन ग्रॉस प्रोडक्ट वैल्यू यानी जीएमवी (GMV) हिस्सेदारी में 41 फीसदी के साथ सबसे आगे रहा है. ऑनलाइन सेल के दौरान प्रति घंटे 56,000 मोबाइल फोन बेचे गए. दूसरी तरफ फैशन प्रोडक्ट्स का जीएमवी में हिस्सा 20 फीसदी रहा लेकिन इसमें सालाना आधार पर 48 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.’’

रेडसीर की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑनलाइन बिक्री के मामले में फ्लिपकार्ट ग्रुप ने अपनी टॉप स्थिति बरकरार रखी है. इस ऑनलाइन बिक्री ग्रुप में फ्लिपकार्ट के अलावा मिंत्रा और शॉप्सी जैसे प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं. वहीं मीशो ऑर्डर संख्या के लिहाज से दूसरे स्थान पर रही.

कोठारी ने कहा कि इस फेस्टिव सेल के दौरान दूसरी श्रेणी के शहरों से आने वाले ऑर्डर की संख्या खासी उल्लेखनीय रही है. इस सेल में खरीदारी करने वाले करीब 65 फीसदी ग्राहक दूसरी श्रेणी के शहरों से हैं. दूसरी श्रेणी वाले शहरों के ग्राहकों की संख्या सालाना आधार पर 24 फीसदी बढ़ी.

Related Articles

Back to top button